हरियाणा, 01 सितंबर, 2026 (संजाव शर्मा): हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि रेवाड़ी के माजरा स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 50 एम.बी.बी.एस. सीटों पर दाखिले की मंजूरी मिल गई है। स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थीं।
आरती सिंह राव ने बताया कि हरियाणा में केंद्र सरकार के एम्स से जुड़े दो प्रमुख संस्थान हैं—झज्जर के बाढ़सा में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान और रेवाड़ी के माजरा में एम्स।
झज्जर के बाढ़सा स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान, एम्स नई दिल्ली का दूसरा कैंपस है। यह कैंसर के उपचार के लिए समर्पित एक तृतीयक-देखभाल (विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा) संस्थान है। यह कैंसर के उपचार, रोकथाम, शुरुआती पहचान, अनुसंधान और मानव संसाधन विकास के लिए प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करता है।
इसके अलावा, रेवाड़ी के माजरा में एम्स को प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत देश के 22वें एम्स के रूप में मेडिकल कॉलेज और ‘राष्ट्रीय महत्व के संस्थान’ के तौर पर स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इस संस्थान में 50 एम.बी.बी.एस. विद्यार्थियों के दाखिले को मंजूरी दे दी है।






