नई दिल्ली, 1 सितंबर 2026 (प्रभजोत सिंह): महीने की शुरुआत के साथ ही LPG की कीमतों में बदलाव हुआ है। 1 सितंबर से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में औसतन 11.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही 5 किलो वाले LPG सिलेंडर के दाम में भी 2 रुपये का इजाफा हुआ है।
नई कीमतों के अनुसार, कोलकाता में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,884 रुपये हो गई है, जो पहले 2,872.50 रुपये थी। वहीं दिल्ली में इसकी कीमत 2,747.50 रुपये, मुंबई में 2,701 रुपये और चेन्नई में 2,916.50 रुपये हो गई है।
5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत भी 2 रुपये बढ़कर अब 764 रुपये हो गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों का खर्च बढ़ सकता है। इसका असर आने वाले समय में चाय, नाश्ता, भोजन और शादी समारोहों की कैटरिंग की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
इसके अलावा LPG कनेक्शन की e-KYC प्रक्रिया को लेकर भी उपभोक्ताओं को ध्यान देने की जरूरत है। जिन लोगों ने e-KYC पूरी नहीं की है, उन्हें सब्सिडी से जुड़े लाभ लेने में परेशानी हो सकती है। e-KYC पूरी करने की पहले निर्धारित अंतिम तिथि 31 अगस्त थी।






