चंडीगढ़, 1 सितंबर,2026 (राजेश कुमार): पंजाब में बिजली की रिकॉर्ड मांग के बीच थर्मल प्लांटों में कोयले का स्टॉक तेजी से घट रहा है। राज्य के पांच प्रमुख थर्मल प्लांटों में से चार में 8 से 15 दिन का ही कोयला बचा है।
तलवंडी साबो में 8 दिन, राजपुरा में 10 दिन, गोइंदवाल में 11 दिन और लहरा मुहब्बत में 15 दिन का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि रोपड़ थर्मल प्लांट में करीब 29 दिन का कोयला बचा है।
सोमवार को पंजाब में बिजली की मांग 16,467 मेगावाट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। मांग पूरी करने के लिए पावरकॉम को पावर ग्रिड से 11,623 मेगावाट बिजली लेनी पड़ी।
कोयला उत्पादक राज्यों में भारी बारिश के कारण खनन और परिवहन प्रभावित होने से सप्लाई में कमी आई है। पावरकॉम ने कोयले की आपूर्ति बढ़ाने के लिए केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण से संपर्क किया है।
वहीं, तकनीकी खराबी के चलते रोपड़ और लहरा मुहब्बत की पांच यूनिट बंद हैं, जिससे करीब 1,130 मेगावाट उत्पादन प्रभावित हुआ है। बिजली की कमी के चलते उद्योगों में रोटेशन के आधार पर साढ़े चार घंटे तक के बिजली कट लगाए जा रहे हैं






