फतेहाबाद, 02 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जाने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा जिला कार्यालय ‘उदय कमल’ में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान प्रवीन जोड़ा ने की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ होने वाला यह सेवा संकल्प अभियान भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए समाजसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ही ‘सेवा ही संगठन’ है और कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा एवं सहयोग का भाव मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न प्रकार की रचनात्मक एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज, ‘सेवा मेरा योगदान’, आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद, सेवा ज्योत यात्रा, सेवा सेतु अभियान, ‘25 करोड़ युवा सपनों का भारत’, जन सेवक महाकुंभ, नमो सेवा गाथा, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, रंगोली राष्ट्र, आशीर्वाद का दीया और वीडियो बैंक जैसी गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक कार्यक्रम को जनभागीदारी के साथ आयोजित करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय दिखाई देने वाला कार्यकर्ता नहीं है, बल्कि समाज की जरूरत के हर समय लोगों के साथ खड़ा रहने वाला कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि जब समाज को आवश्यकता होती है तो भाजपा का कार्यकर्ता वहां मौजूद मिलता है। जब किसी गरीब को सहारे की जरूरत होती है, भाजपा कार्यकर्ता उसके साथ खड़ा होता है और जब किसी परिवार को सरकारी योजना का लाभ दिलाने की आवश्यकता होती है, तब भी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ उसकी मदद करता है। यही भाजपा के कार्यकर्ता की पहचान और संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभियान को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनसेवा का व्यापक माध्यम बनाएं।
जिला प्रभारी सुरेंद्र पूनिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान भाजपा के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ और गांव तक पहुंचकर समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करें तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान की सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ भाजपा नेत्री निताशा सिहाग ने कहा कि सेवा भाजपा संगठन की कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सेवा कार्यों में निरंतर जुटा रहता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, गरीबों और वंचित वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया जनसेवा के कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान की गतिविधियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा सकारात्मक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रोफेसर रविंद्र बलियाला, पूर्व विधायक दुड़ाराम, चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा, बलदेव सिंह ग्रोहा, राजपाल बैनीवाल, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, विकास ललोदा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू गुर्जर, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, सविता टूटेजा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन बजाज, डा. रणजीत ओड, जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा, जंगजीत हुड्डा, गुलशन हंस, अनिल सिहाग, जगदीप मोंगा, विकास शर्मा, सीताराम पूनिया, मनदीप योगी, जसवंत माचरा, अंकित सिंगला, लखविंद्र सिंह, संदीप तनेजा, संदीप भोड़िया, रमन मड़िया, प्रवीन गिल, विनोद खिचड़, किरणपाल, सुभाष साहू, अनूप भारद्वाज, संकेत गर्ग, पूनम सिंगला, भीम लाम्बा, अमृतपाल खुम्बर, राजू खुम्बर, संजय सिंगला, वेद जांगड़ा, गुरचरण खोखर, सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






