नूंह, 03 सितंबर,(संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार राज्य के हर नागरिक तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के पिछड़े और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई कदम उठाए गए हैं।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार दूर-दराज के क्षेत्रों में बुनियादी चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों और आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। इसी दिशा में प्रदेश सरकार ने नूंह (मेवात) जिले के तीन गांवों—कोलगांव, जलालपुर फिरोजपुर और ख्वाजली कलां में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले के इन तीनों गांवों में उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन नए केंद्रों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को गांव स्तर पर ही नियमित स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक चिकित्सा सहायता, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और बच्चों के टीकाकरण जैसी आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी।
इससे न केवल ग्रामीणों के समय और पैसे की बचत होगी, बल्कि जिले के प्रमुख सिविल अस्पतालों पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव भी कम होगा।
आरती सिंह राव ने दोहराया कि राज्य सरकार ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विस्तार कर ‘आरोग्य हरियाणा’ के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत है।






