चंडीगढ़, 3 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 3 से 5 सितंबर तक पंजाब के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
बठिंडा में राज्य का सबसे अधिक 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मानसून सीजन के दौरान पंजाब में सामान्य से 37 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ बठिंडा के ऊपर से गुजर रही है, जिसके कारण पंजाब में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बारिश के चलते राज्य में बिजली की मांग भी घटकर गुरुवार सुबह 12,789 मेगावाट रह गई।






