Thursday, September 3, 2026
HomeHaryanaहरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मनाया जाएगा ‘सेवा संकल्प...

हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मनाया जाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

हरियाणा, 03 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की समर्पित जनसेवा और परिवर्तनकारी सुशासन को रेखांकित करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, पात्र नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को यहां एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सभी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

अभियान का प्रमुख हिस्सा ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ होगा। इसके तहत ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ लेने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा सेतु केंद्र’ स्थापित करने की योजना है। इन केंद्रों पर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया में सहायता और लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्य सचिव ने विभागों को ब्लॉकवार कार्यक्रम तैयार करने, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने और लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच के लिए लाभार्थी डेटाबेस तैयार रखने के निर्देश दिए।

बच्चों और युवाओं के लिए चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता

युवाओं और बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक देशव्यापी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी देश के विकास की उपलब्धियों और बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों को अपने घर, पड़ोस, गांव, स्कूल, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत 25 विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालयों एवं वृद्धाश्रमों का दौरा, वंचित बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरे का पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियां तथा दिव्यांगजनों की सहायता शामिल हैं।

‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए लोगों तक पहुंचेगी विकास की कहानी

अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सेवा कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं और विकास की कहानियों को नुक्कड़ नाटकों के जरिए आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन स्कूल-कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा।

सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगण का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों, माताओं, पोषण, स्वास्थ्य और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां करवाई जाएंगी। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभागों के राज्य स्तरीय अधिकारी इसके क्रियान्वयन और निगरानी में समन्वय करेंगे, जबकि जिला स्तर के अधिकारी स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

युवाओं के लिए शुरू होगी ‘राष्ट्रीय नवाचार चुनौती’

अभियान के दौरान देश के युवाओं की रचनात्मक और तकनीकी क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ‘राष्ट्रीय नवाचार चुनौती’ भी शुरू की जाएगी। इसके तहत युवा उद्यमियों, तकनीकी विशेषज्ञों और विद्यार्थियों को डिजिटल समाधान तथा जमीनी स्तर पर सुशासन से जुड़े ऐसे उपयोगी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिन्हें बड़े स्तर पर लागू किया जा सके।

17 अक्टूबर को दिल्ली में होगा ‘जनसेवक महाकुंभ’

एक महीने तक चलने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले बड़े ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ संपन्न होगा। इसमें करीब 1.25 लाख चुने हुए प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। इनमें ग्राम सरपंच, शहरी निकायों के प्रतिनिधि तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों का सामूहिक गायन भी प्रस्तावित है।

मुख्य सचिव ने बैठक में सभी गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, स्पष्ट जिम्मेदारियां तय करने, विभागों के बीच प्रभावी समन्वय और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को नागरिकों के और करीब लाना, पात्र लाभार्थियों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा हरियाणा में सामुदायिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को व्यापक बनाना है।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी. अनुपमा, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार, विदेश सहयोग विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती अमनीत पी. कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री शेखर विद्यार्थी, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्री विवेक कालिया, संयुक्त निदेशक श्री मानव मलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments