Friday, September 4, 2026
HomePunjabडिप्टी कमिश्नर ने योग्य मतदाताओं से विशेष कैंप का अधिक से अधिक...

डिप्टी कमिश्नर ने योग्य मतदाताओं से विशेष कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की

फतेहगढ़ साहिब, 4 सितंबर, 2026 (गुरप्रीत सिंह): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंजाब राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 का महत्वपूर्ण कार्य चल रहा है। इसके तहत 13 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है।
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी डॉ. सोना थिंद ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची संबंधी दावे और आपत्तियां 12 सितंबर 2026 तक दाखिल की जा सकती हैं। मतदाता अपने दावे और आपत्तियों से संबंधित फॉर्म नंबर 6, 6-ए और 8 ऑनलाइन www.voters.eci.gov.in और Voter Helpline App के माध्यम से या ऑफलाइन संबंधित चुनाव पंजीकरण अधिकारी (ERO) और BLO के पास जमा करवा सकते हैं।
डॉ. सोना थिंद ने बताया कि SIR-2026 के तहत आम लोगों और मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 6 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के सभी 573 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के दौरान सभी BLO अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं को नोटिस फॉर्म, दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने संबंधी आवश्यक जानकारी और सहायता प्रदान करेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि 1 अक्टूबर 2026 की पात्रता तिथि के आधार पर जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 भरकर इस विशेष कैंप का लाभ उठाएं। इसी प्रकार मतदाता कार्ड में दर्ज विवरण में किसी भी प्रकार का सुधार करवाने के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (BLAs) से भी अपील की कि वे दावों और आपत्तियों के कार्य में BLOs को सहयोग प्रदान करें।
डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर लगाए जाने वाले विशेष कैंप में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में जांचें और आवश्यकता के अनुसार दावे, आपत्तियां या संशोधन संबंधी फॉर्म जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का सही और अपडेट होना बेहद महत्वपूर्ण है।
मतदाता सूची में संशोधन, पंजीकरण तथा दावों-आपत्तियों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 (टोल फ्री) पर भी संपर्क किया जा सकता है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments