चंडीगढ़, 5 सितंबर, 2026 (गुरप्रीत सिंह): पंजाब और चंडीगढ़ में हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश की संभावना जताते हुए चंडीगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते पंजाब के अधिकतम तापमान में करीब 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बठिंडा में सबसे अधिक 36.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के सभी 22 जिलों में बारिश हो सकती है। पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर और मोहाली में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पंजाब और चंडीगढ़ में 6 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद बारिश कुछ क्षेत्रों तक सीमित रह सकती है।
वहीं, इस मानसून सीजन में पंजाब में अब तक सामान्य से 34 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।






