कुरुक्षेत्र,5 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ मंजू शर्मा ने कहा कि महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा निर्देश में जिले में विभिन्न स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया, जिनका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य चेतना बढ़ाना और योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देना रहा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ मंजू शर्मा ने आज यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत में एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र के आयुष विंग में योग विशेषज्ञ मंजीत ढुल के मार्गदर्शन में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और योग के नियमित अभ्यास के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, आयुष ग्राम कलाल माजरा में डॉ. संतोष की अध्यक्षता में आशा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी स्वास्थ्य शिविर की रूपरेखा साझा करते हुए ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा सेवाओं की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक लोगों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर यारा में आयोजित आशा कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औषधीय पौधे भी वितरित किए गए। आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों से जोडऩा है।
उन्होंने कहा कि आगामी स्वास्थ्य शिविरों और इस प्रकार की जन-जागरूकता गतिविधियों से न केवल बीमारियों के प्रति रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि औषधीय पौधों के रोपण और योग को अपनाने से समाज में एक स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण का निर्माण होगा।






