फतेहगढ़ साहिब, 9 सितंबर, 2026 (अमनदीप सभरवाल): पंजाब सरकार द्वारा युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026 सीजन-4’ की शुरुआत हो चुकी है। जिला फतेहगढ़ साहिब के विभिन्न 5 ब्लॉकों में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, फुटबॉल, रस्साकशी और कुश्ती के ब्लॉक स्तरीय मुकाबले 15 सितंबर तक करवाए जाएंगे। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने दी।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय खेलों के तहत बसी पठाना और खेड़ा ब्लॉक के मुकाबले 11 से 12 सितंबर 2026 तक तथा खमाणों ब्लॉक के मुकाबले 14 से 15 सितंबर तक करवाए जाएंगे।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने बताया कि जिला स्तरीय खेल मुकाबले 20 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न स्थानों पर करवाए जाएंगे। इन मुकाबलों में 29 खेल शामिल हैं, जिनमें एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), कबड्डी (सर्कल स्टाइल), फुटबॉल, वॉलीबॉल (स्मैशिंग), वॉलीबॉल (शूटिंग), हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, गतका, किक बॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावरलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, कुश्ती, तैराकी, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग, शतरंज, शूटिंग, फेंसिंग, रोलर स्केटिंग, तीरंदाजी और टेनिस बॉल क्रिकेट शामिल हैं।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने कहा कि ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ के पिछले सीजनों के दौरान राज्य के खिलाड़ियों और आम लोगों ने बड़े स्तर पर भाग लिया था, जिसमें करीब 5 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस बार पंजाब सरकार द्वारा खेलों में 10 लाख तक खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ को सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और जिले में खिलाड़ियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन खेल मुकाबलों में पहली बार डेमो खेल के रूप में टेनिस बॉल क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी sports.punjab.gov.in पर क्यूआर कोड के माध्यम से केवल 15 सेकंड में अपना पंजीकरण करवाकर प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।
ब्लॉक स्तर के विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर तथा जिला स्तर के विजेता खिलाड़ी राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार के खेल विभाग द्वारा राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 10 हजार रुपये, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 7 हजार रुपये और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 5 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।
डॉ. सोना थिंद ने जिले के युवाओं और खिलाड़ियों से खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिला और ब्लॉक स्तर के खेल मुकाबलों संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला खेल अधिकारी हरपिंदर सिंह (98151-50303), बास्केटबॉल कोच राहुलदीप सिंह (90413-02862), वॉलीबॉल कोच यादविंदर सिंह (97799-34003), कुश्ती कोच मनजीत सिंह (98764-64484), एथलेटिक्स कोच लखवीर सिंह (98785-40674), फुटबॉल कोच सुखदीप सिंह (94646-54691), नेटबॉल कोच अंजली (79868-24510) तथा स्पोर्ट्स सुपरवाइजर अंजू (73470-67118) से संपर्क किया जा सकता है।






