मुंबई, 9 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ए.टी.सी.) से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित होने के बाद एयर इंडिया की मुंबई से लंदन जाने वाली उड़ान AI 131 को ज्यूरिख की ओर मोड़ना पड़ा। उड़ान में 290 से अधिक यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, ज्यूरिख हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद यात्री कुछ समय तक विमान के अंदर ही रहे। उन्हें इंतजार करने के लिए कहा गया, क्योंकि हीथ्रो पर उत्पन्न स्थिति के जल्द सामान्य होने की उम्मीद थी। हालांकि, बाद में उड़ान रद्द कर दी गई और सभी यात्रियों को ज्यूरिख हवाई अड्डे पर विमान से उतार दिया गया।
यूके के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण हीथ्रो समेत कई प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते बड़ी संख्या में उड़ानों में देरी और रद्द होने की खबरें सामने आईं। FlightRadar के अनुसार, यूके के हवाई अड्डों पर 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं।
हीथ्रो हवाई अड्डे ने बताया कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिनभर के लिए आने वाली उड़ानों को निलंबित किया गया था। हालांकि, प्रस्थान करने वाली उड़ानों को फिर से शुरू कर दिया गया है, लेकिन व्यवधान का असर जारी रहने की संभावना है। यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की ताजा स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
यूके के एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रदाता (NATS) नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज़ ने कहा कि सिस्टम से जुड़ी तकनीकी समस्या को अब ठीक कर लिया गया है और सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। हालांकि, पहले से जमा हुए बैकलॉग को दूर करने और एयरलाइनों व हवाई अड्डों को पूरी तरह सामान्य स्थिति में लौटने में कुछ समय लग सकता है।
NATS ने इस व्यवधान को हवाई यातायात नेटवर्क के लिए एक जटिल स्थिति बताते हुए कहा कि एयरलाइनों और हवाई अड्डों के साथ मिलकर उड़ानों का संचालन सुचारु करने के प्रयास जारी हैं।






