पटियाला, 10 सितंबर, 2026 (अमनदीप सभरवाल): पंजाब राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन मलकीत थिंद ने आज पटियाला के सरकारी अधिकारियों को पिछड़ा वर्ग (बीसी) से संबंधित नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक स्तर को ऊंचा उठाने के लिए केंद्र और पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन मलकीत थिंद यहां सर्किट हाउस में एडीसी (जी) अनुप्रिता जौहल सहित विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पिछड़ा वर्ग के कल्याण संबंधी विस्तृत समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र जारी करने में किसी प्रकार की देरी न की जाए तथा आय और क्रीमी लेयर से संबंधित जानकारी एवं नियमों के बारे में लाभार्थियों को जागरूक किया जाए।
चेयरमैन मलकीत थिंद ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शी ढंग से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीसी वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों और पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के दौरान चेयरमैन ने विभिन्न विभागों द्वारा पिछड़ा वर्ग के लिए अब तक लागू की गई योजनाओं के तहत प्रदान किए गए लाभों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
इससे पहले चेयरमैन मलकीत थिंद ने पिछड़ा वर्ग के लोगों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद भी किया। उन्होंने उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मलकीत थिंद ने अधिकारियों से कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी गांव-गांव तथा शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाए, ताकि पिछड़ा वर्ग समाज का कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाने और लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने देने पर भी जोर दिया।
इस दौरान एडीसी (जी) अनुप्रिता जौहल ने चेयरमैन को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन द्वारा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
इससे पहले चेयरमैन की सामाजिक संस्थाओं और पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ हुई मीटिंग में हरविंदर सिंह जिला अध्यक्ष आप बीसी विंग, चेयरमैन रामगढ़िया विंग अमरजीत सिंह रामगढ़िया, भूपिंदर सिंह अध्यक्ष ग्लोबल कंबोज एजुकेशनल एंड वेलफेयर एसोसिएशन, जसविंदर सिंह राणा उपाध्यक्ष, रघुवीर सिंह भैरो अध्यक्ष गुर्जर समाज पंजाब, दविंदर सिंह मारू कंबोज महासभा, जीत सिंह मीरापुर, विक्रम सिंह फरीदपुर, सुखदेव सिंह नागपाल, मनजीत सिंह नागपाल आदि भी मौजूद थे।
बैठक में जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी कुलविंदर कौर, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी वरिंदरजीत सिंह टिवाणा, जिला शिक्षा अधिकारी शालू मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






