कुरुक्षेत्र, 10 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): एस.डी.एम शाहाबाद शंभू राठी ने कहा कि नेशनल हाईवे 44 पर बार-बार अवैध कट खोलने वाले होटल व पेट्रोल पम्प मालिकों पर एफआईआर होगी। सडक़ सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाईवे के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम शंभू राठी ने कमेटी में शामिल अन्य सदस्यों के साथ उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के आदेशानुसार सडक़ सुरक्षा को लेकर फील्ड निरीक्षण किया गया है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नेशनल हाईवे-44 पर चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉटों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस मौके पर इंस्पेक्टर जोगिंद्र ढुल, पुलिस इंस्पेक्टर शेर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर अवैध कट बने हुए हैं, जो सडक़ हादसों का मुख्य कारण बन रहे हैं। इन अवैध कटों से गलत दिशा से वाहन हाईवे पर आ जाते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं होने का खतरा बना रहता है। इस पर संज्ञान लेते हुए उप मंडल अधिकारी ने मौके पर ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हाईवे पर बने सभी ब्लैक स्पॉट और अवैध कटों को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए।

उन्होंने कहा कि सडक़ सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा या पेट्रोल पम्प मालिक द्वारा अपने निजी लाभ के लिए बार-बार अवैध कट खोला जा रहा है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज किया जाए। हाईवे के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने एनएचएआई को निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, सर्विस लेन और जरूरी बैरिकेडिंग की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इस निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, एनएचएआई के प्रोजेक्ट अधिकारी और पुलिस विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





