संगरूर, 10 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत जिला संगरूर में आयोजित की जा रही ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न खेल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। जिला खेल अधिकारी नवदीप सिंह ने बताया कि ब्लॉक संगरूर, धूरी और शेरपुर के ब्लॉक स्तरीय टूर्नामेंट पूरे हो चुके हैं, जबकि आज 10 सितंबर को ब्लॉक दिड़बा, लहरागा और अनदाना में विभिन्न आयु वर्गों के खेल मुकाबले करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21 से 30 वर्ष तथा 51 से 60 वर्ष के आयु वर्गों में एथलेटिक्स, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी नेशनल स्टाइल, कबड्डी सर्कल स्टाइल, वॉलीबॉल शूटिंग और वॉलीबॉल स्मैशिंग के मुकाबले करवाए जा रहे हैं।
हलका लहरागा के सरकारी हाई स्कूल भाई की पिशोर में कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल की धर्मपत्नी श्रीमती सीमा रानी ने विशेष रूप से शिरकत करते हुए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें आशीर्वाद दिया।
इसी तरह हलका दिड़बा के शहीद चतवंत सिंह खेल स्टेडियम, कौहरीयां में ब्लॉक स्तरीय खेलों के उद्घाटन अवसर पर प्रीतम सिंह पीतू, चेयरमैन इंप्रूवमेंट ट्रस्ट, संगरूर, श्रीमती जसवीर कौर शेरगिल, चेयरपर्सन मार्केट कमेटी दिड़बा तथा हरविंदर सिंह छाजली, चेयरमैन मार्केट कमेटी सूलर घराट ने विशेष रूप से शिरकत कर खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई की।
आज के मुकाबलों के परिणाम
ब्लॉक दिड़बा:
एथलेटिक्स अंडर-14 लड़कों की 600 मीटर दौड़ में समर सिंह ने पहला, गुरसाहिब सिंह ने दूसरा और सरदार सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल अंडर-14 लड़कियों में कौहरीयां किंग ने पहला, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गुज्जरां (ए) ने दूसरा और स.स.स.स. गुज्जरां (बी) ने तीसरा स्थान हासिल किया।
ब्लॉक लहरागा:
एथलेटिक्स अंडर-14 लड़कों की लंबी कूद में जसकरण सिंह ने 4.00 मीटर की छलांग लगाकर पहला, मनिंदर सिंह ने 3.77 मीटर के साथ दूसरा और प्रदीप सिंह ने 3.71 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 लड़कियों की 1500 मीटर दौड़ में वीरां कौर ने पहला और जसप्रीत कौर ने दूसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी नेशनल स्टाइल अंडर-14 लड़कियों में शहीद बाबा हिम्मत सिंह वेलफेयर क्लब संगतपुरा ने पहला और बाबा बंदा सिंह बहादुर पब्लिक स्कूल बखोरा खुर्द ने दूसरा स्थान हासिल किया।
ब्लॉक अनदाना:
खो-खो अंडर-14 लड़कियों में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल डूडियां (ए) ने पहला, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल डूडियां (बी) ने दूसरा और कैम्ब्रिज ग्लोबल स्कूल बुशिहरा ने तीसरा स्थान हासिल किया।






