चंडीगढ़, 11 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पठानकोट, होशियारपुर, रोपड़ और गुरदासपुर में बारिश की संभावना है, जबकि चंडीगढ़ में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
हालांकि, अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने 14 और 15 सितंबर को पंजाब तथा चंडीगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।
पंजाब में अधिकतम तापमान में करीब 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। तापमान सामान्य से लगभग 2.7 डिग्री अधिक बना हुआ है। गुरुवार को लुधियाना में 11.4 मिलीमीटर और रोपड़ में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो पटियाला 37.5 डिग्री सेल्सियस के साथ पंजाब का सबसे गर्म स्थान रहा। रोपड़ में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और चंडीगढ़ में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू से देहरादून, उत्तर प्रदेश और झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र तक मानसून ट्रफ सक्रिय है। इसका प्रभाव पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।
इसके अलावा उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में बादल छाने और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
वहीं, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। मानसून ट्रफ, चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव के चलते आने वाले दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है।






