मुंबई, 11 सितंबर, 2026 (जगजीत सिंह): मनोज बाजपेयी, दिव्या दत्ता और बोमन ईरानी स्टारर फिल्म ‘लास्ट मैन इन टावर’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। बेन रेखी के निर्देशन में बनी यह फिल्म अरविंद अडिगा के चर्चित उपन्यास पर आधारित है।
फिल्म की कहानी मुंबई की एक पुरानी हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक योगेश मिश्रा उर्फ मास्टरजी के इर्द-गिर्द घूमती है। बिल्डर सोसायटी को तोड़कर आलीशान टावर बनाने का प्रस्ताव देता है और बदले में निवासियों को बड़ी रकम देने का वादा करता है। ज्यादातर लोग इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं, लेकिन मास्टरजी अपने घर, यादों और सिद्धांतों को छोड़ने से इनकार कर देते हैं।
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत मनोज बाजपेयी का दमदार अभिनय है। उन्होंने एक आम मिडिल क्लास व्यक्ति की भावनाओं और संघर्ष को बेहद प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारा है। दिव्या दत्ता भी अपने भावनात्मक और बदलते किरदार में प्रभावित करती हैं, जबकि बोमन ईरानी बिल्डर की भूमिका में नजर आते हैं।
निर्देशक बेन रेखी ने कहानी को बिना अनावश्यक तामझाम के सादगी और भावनाओं के साथ पेश किया है। फिल्म सामाजिक मूल्यों, लालच, रिश्तों और अपने सिद्धांतों पर टिके रहने जैसे सवाल उठाती है।
हालांकि, धीमी रफ्तार कुछ दर्शकों को परेशान कर सकती है। इसके बावजूद गंभीर कहानी और शानदार अभिनय के कारण यह फिल्म उन दर्शकों को पसंद आ सकती है, जिन्हें कंटेंट आधारित और भावनात्मक सिनेमा पसंद है।






