चंडीगढ़, 13 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में पिछले कई दिनों से जारी उमस और गर्मी के बीच रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर करीब एक बजे शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने तापमान में राहत पहुंचाई और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली।
मौसम में आए इस बदलाव से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलने के साथ वातावरण भी सुहावना हो गया। कई इलाकों में बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा होने की स्थिति भी बनी।
मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में 13 से 17 सितंबर तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने इस अवधि के दौरान बारिश को लेकर पांच दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने लोगों से मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।






