नई दिल्ली, 14 सितंबर,2026 (शहीद-ए-आज़म ब्यूरो): ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज एमटी ई ऐल गिज्ञा पर हमले की घटना सामने आई है। जहाज पर सवार 14 भारतीय क्रू सदस्यों में से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नाविक की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। भारत के विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। भारत ने क्षेत्र में तनाव को तत्काल कम करने और बातचीत एवं कूटनीति के माध्यम से शांति बहाल करने की अपील की है।
भारतीय दूतावास की स्थिति पर नजर: भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और स्थिति पर नजर रख रहा है। लापता भारतीय नाविक की तलाश जारी है तथा बचाए गए क्रू सदस्यों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
क्षेत्रीय तनाव के बीच बढ़ी चिंता: यह घटना ऐसे समय हुई है जब होर्मुज की खाड़ी और पश्चिम एशिया के समुद्री मार्गों में तनाव बढ़ा हुआ है। क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री परिवहन और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
भारत ने स्पष्ट किया है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही तथा वाणिज्यिक गतिविधियां जल्द से जल्द बहाल होनी चाहिए। इस हमले से क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और गंभीर हो गई है।






