काठमांडू, 14 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): नेपाली सिनेमा के लिए गर्व की खबर सामने आई है। निर्देशक अबिनाश विक्रम शाह की फिल्म ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ (टिनिहरू) को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए नेपाल की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है। यह फिल्म 2027 में होने वाले ऑस्कर समारोह में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में नेपाल का प्रतिनिधित्व करेगी।
नेपाल की इंटरनेशनल फीचर फिल्म सिलेक्शन कमेटी ने इस चयन के लिए दो फिल्मों पर विचार किया था, जिनमें ‘गौथली’ भी शामिल थी। कमेटी ने दोनों फिल्मों का तकनीकी स्तर, कहानी की प्रस्तुति, किरदारों की भावनात्मक गहराई, कलात्मक रचना और समग्र गुणवत्ता के आधार पर मूल्यांकन किया। इस प्रक्रिया के बाद ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ को चुना गया।
अबिनाश विक्रम शाह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना ली है। यहकान फिल्म महोत्सव के ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ सेक्शन में चयनित होने वाली पहली नेपाली फीचर फिल्म बनी थी। कान फिल्म फेस्टिवल में इसे अन सर्टेन रिगार्ड ज्यूरी पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया गया।
फिलहाल यह फिल्म नेपाल के सिनेमाघरों में दूसरे सप्ताह प्रदर्शित हो रही है। कान में मिली सफलता के बाद ऑस्कर के लिए इसका चयन फिल्म की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करता है।
ऑस्कर की आधिकारिक एंट्री बनने पर निर्देशक अबिनाश शाह ने इसे अपने लिए “शांत और विनम्रता से भरा सम्मान” बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी उनकी व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है, बल्कि उन लोगों की कहानी है जो समाज में अक्सर अनदेखे और अनसुने रह जाते हैं। उनके अनुसार, फिल्म के माध्यम से इन लोगों की मौजूदगी अब रोशनी में आ रही है और यही सबसे बड़ी जीत है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भी फिल्म की टीम को ऑस्कर के लिए चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने अबिनाश विक्रम शाह के निर्देशन में बनी ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ (Tiniharu)’ को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए नेपाल की आधिकारिक एंट्री चुने जाने पर पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और आगे के सफर के लिए सफलता की कामना की।
इस चयन के साथ नेपाली फिल्म उद्योग की वैश्विक स्तर पर मौजूदगी और मजबूत होने की उम्मीद है। अब ‘एलीफेंट्स इन द फॉग’ की नजर ऑस्कर की अगली चयन प्रक्रिया पर होगी, जहां दुनिया भर से आने वाली अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के साथ इसका मुकाबला होगा।






