फतेहगढ़ साहिब, 15 सितंबर,2026 (छत्रपाल सिंह): मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा नशों के खिलाफ शुरू किए गए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को लोगों के सहयोग से और मजबूत किया जा रहा है। 20 सितंबर के बाद इस अभियान को और नई ऊर्जा एवं मजबूत रूप में आगे बढ़ाया जाएगा, जिसके लिए गांवों और शहरों की डिफेंस कमेटियां प्रत्येक गांव और वार्ड में लोगों के साथ बैठकें करेंगी। यह जानकारी विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने माता गुजरी कॉलेज के कॉमर्स हॉल में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत विलेज डिफेंस कमेटियों और वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्यों के साथ आयोजित विशेष समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए दी।
विधायक राय ने कहा कि नशों के खिलाफ इस जंग में सरकार के साथ-साथ समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने गांवों के सरपंचों, ब्लॉक स्तर के प्रतिनिधियों और डिफेंस कमेटियों के सदस्यों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नशों की रोकथाम के लिए पूरी तत्परता से काम करें और युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करें।

विधायक ने कहा कि नशों की समस्या किसी एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चुनौती है। इसलिए इसके खात्मे के लिए सरकार और लोगों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग के बिना इस जंग को पूरी तरह जीतना संभव नहीं है और पंजाब के लोगों का सहयोग इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लोगों के सहयोग से वह दिन दूर नहीं, जब पंजाब नशों की लानत से पूरी तरह मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने का सपना हर हाल में साकार किया जाएगा।
इससे पहले एस.डी.एम. श्री करुण गुप्ता ने बताया कि नशों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्रशासन या संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने वाले व्यक्तियों की पहचान और सूचना को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर या झिझक के नशों की बिक्री, तस्करी या इस्तेमाल से संबंधित जानकारी प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि नशों के खिलाफ अभियान को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर जिला कोऑर्डिनेटर युद्ध नशों के विरुद्ध श्री ओंकार सिंह चौहान, महिला विंग की जिला प्रधान रीना रानी, तहसीलदार विशाल वर्मा, बिक्रमजीत सिंह विक्की, हरपाल सिंह पूनिया, गुरदर्शन सिंह हैप्पी, हरमेश सिंह पूनिया, बहादुर जलाल, पी.ए. सतीश लटोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






