Tuesday, September 29, 2026
HomePatialaपंजाब खेल विश्वविद्यालय द्वारा बुजुर्गों की स्वास्थ्य एवं तंदुरुस्ती के लिए 21...

पंजाब खेल विश्वविद्यालय द्वारा बुजुर्गों की स्वास्थ्य एवं तंदुरुस्ती के लिए 21 सितंबर से कैंप आयोजित : वीसी प्रो. गिल

पटियाला, 16 सितंबर, 2026 (जगजीत सिंह): महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. पुष्पिंदर सिंह गिल ने बताया कि पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी द्वारा बुजुर्गों के स्वास्थ्य, तंदुरुस्ती तथा मानसिक तनाव से मुक्त जीवनशैली को खुशहाल बनाने के उपायों संबंधी जागरूक करने के लिए 21 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक 10 दिवसीय कैंप आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस कैंप का समय दोपहर बाद 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के लिए एक सुरक्षित, सुखद एवं सक्रिय वातावरण तैयार करना है, जहां वे सरल एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित जानकारी, शारीरिक व्यायाम, सामाजिक मेल-जोल तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने जीवन में नई ऊर्जा महसूस कर सकें।

वाइस चांसलर डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल ने आगे बताया कि उम्र का बढ़ना जीवन की प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन उत्साहपूर्ण, स्वस्थ एवं खुशहाल रहना हर उम्र की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा बुजुर्गों की तंदुरुस्ती की ओर विशेष ध्यान देने का यह छोटा-सा प्रयास किया गया है।

उन्होंने बताया कि बुजुर्गों की जीवनशैली को बेहतर बनाने के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों द्वारा उनकी आयु तथा विभिन्न स्वास्थ्य परिस्थितियों, जैसे डायलिसिस, ब्लड प्रेशर, शुगर अथवा किसी भी प्रकार की सर्जरी आदि को ध्यान में रखते हुए उनकी सुविधा एवं आवश्यकता के अनुसार खान-पान की आदतों और उचित आहार संबंधी जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा बुजुर्गों में मानसिक तनाव को कम करने के लिए काउंसलरों की टीम द्वारा आवश्यक काउंसलिंग की जाएगी तथा खेलों एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भी उन्हें शामिल किया जाएगा।

डॉ. गिल ने कहा कि विश्वविद्यालय बुजुर्गों के वास्तविक महत्व को समझने और समाज को समझाने की दिशा में एक अनूठा कदम उठाने का प्रयास कर रहा है, ताकि समाज में बुजुर्गों के प्रति सकारात्मक संदेश दिया जा सके। उन्होंने बताया कि कैंप में शामिल होने वाले बुजुर्गों को लाने-ले जाने के लिए बस सेवा की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान बुजुर्गों के लिए मनोरंजन गतिविधियों के विशेषज्ञों के साथ-साथ योग विशेषज्ञ, शारीरिक शिक्षा विशेषज्ञ, काउंसलर और फिजियोथेरेपिस्ट उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 107 सदस्य पंजीकृत हो चुके हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।

वाइस चांसलर ने बताया कि आने वाले समय में इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए वृद्ध आश्रमों में रह रहे बुजुर्गों को भी विशेष रूप से इन कैंपों में शामिल किया जाएगा, ताकि उन्हें समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा होने का एहसास करवाने के साथ-साथ उनकी शारीरिक एवं मानसिक तंदुरुस्ती सुनिश्चित की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments