सुनाम, 17 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): ‘खेडां वतन पंजाब दीआं’ के सीजन-4 के तहत ब्लॉक सुनाम की ब्लॉक स्तरीय खेलों के अंतिम दिन फुटबॉल, खो-खो, वॉलीबॉल शूटिंग और वॉलीबॉल स्मैशिंग के टूर्नामेंट शहीद दलेल सिंह खेल स्टेडियम, छाहड़ में आयोजित किए गए। वहीं कबड्डी सर्कल स्टाइल, नेशनल स्टाइल और एथलेटिक्स का टूर्नामेंट शहीद ऊधम सिंह ओलंपिक कॉलेज, सुनाम में कराया गया।
खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, शॉटपुट और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक स्तर की इन प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला और आज ब्लॉक स्तरीय खेलों के फाइनल मुकाबले संपन्न हुए।
जिला खेल अधिकारी नवदीप सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा ‘खेडां वतन पंजाब दीआं’ के माध्यम से गांवों और शहरों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान किया जा रहा है। इन खेलों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना भी है।

ब्लॉक स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अगले स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और बेहतरीन खेल माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और मेहनत करने तथा खेल के क्षेत्र में संगरूर जिले और पंजाब का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
आज हुए मुकाबलों के तहत वॉलीबॉल शूटिंग (41-50 वर्ष) पुरुष वर्ग की खेल प्रतियोगिता में शहीद हवलदार हरमिंदर सिंह यूथ सर्विसेज क्लब, गांव खडियाल की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
टेनिस बॉल क्रिकेट के आयु वर्ग (14 वर्ष से अधिक) के खेल मुकाबले में बालाजी क्रिकेट अकादमी, सुनाम की टीम ने गांव शाहपुर कलां की टीम को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी नेशनल स्टाइल (अंडर-17) वर्ष के खेल मुकाबले में जखेपल ‘ए’ टीम ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शाहपुर कलां की टीम को हराकर पहला स्थान हासिल किया।






