Tuesday, September 29, 2026
HomePatiala‘हमारे राम’ नाटक के दिलकश मंचन ने पटियालावासियों को किया मंत्रमुग्ध

‘हमारे राम’ नाटक के दिलकश मंचन ने पटियालावासियों को किया मंत्रमुग्ध

पटियाला, 18 सितंबर, 2026 (जगजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा भगवान श्री राम के शाश्वत उपदेशों को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ के पटियाला में पहले दिन के मंचन ने अपनी अनूठी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस नाटक में प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा ने मुख्य भूमिका में दमदार अभिनय प्रस्तुत किया।
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों के साथ इस नाट्य प्रस्तुति में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल, ओएसडी शहरी विकास मुकिलन आर, एडीसी दमनजीत सिंह मान, कर्नल जे.वी., जसबीर सिंह गांधी, पद्मश्री प्राण सभरवाल तथा एम.एम. जग्गी सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह शो पंजाब सरकार द्वारा राज्यभर में लोगों के लिए निःशुल्क आयोजित किए जा रहे 41 थिएटर शो की राज्य स्तरीय सांस्कृतिक मुहिम का हिस्सा है, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग भगवान श्री राम के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने थिएटर के प्रभावशाली माध्यम से सत्य, धर्म, दया और एकता का संदेश फैलाने के साथ-साथ सनातन धर्म की मूल्यवान परंपराओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा यह प्रयास भगवान श्री राम के शाश्वत उपदेशों एवं आदर्शों को बेहद खूबसूरत ढंग से प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि 19 सितंबर को भी दो और शो आयोजित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस नाटक की खास बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा इस शो का मुख्य आकर्षण हैं, जिनकी दमदार अदाकारी ने इसकी लोकप्रियता को और बढ़ाया है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार रामायण के ऐतिहासिक महाकाव्य के माध्यम से सनातन धर्म के शाश्वत संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने आगे कहा, “भगवंत मान सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि ऐसे कार्यक्रम सनातन धर्म की शिक्षाओं को लोगों के करीब लेकर जाएं और युवा पीढ़ी को इन शाश्वत मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करें।”
‘हमारे राम’ में कलाकारों की दिलकश अदाकारी ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
पटियाला में हुए पहले शो ने शुरुआती दृश्य से लेकर अंतिम पर्दे तक खचाखच भरे ऑडिटोरियम को बांधे रखा और दर्शक पूरे नाटक के दौरान प्रस्तुति में लीन रहे। दमदार अभिनय, प्रभावशाली संवादों, आध्यात्मिक संगीत, शानदार विजुअल्स और विश्वस्तरीय मंच कला के बेहतरीन संयोजन ने अत्यंत भावुक एवं आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया।
आशुतोष राणा द्वारा रावण के निभाए गए दमदार किरदार ने खूब तालियां बटोरीं, जबकि अन्य कलाकारों ने भी महाकाव्य के प्रत्येक पात्र को पूरी शिद्दत के साथ जीवंत किया। नाटक की भावनात्मक गहराई, श्रद्धापूर्ण वातावरण और कलात्मक उत्कृष्टता ने दर्शकों के दिलों को छू लिया, जिससे यह शाम भारत की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का एक यादगार अवसर बन गई।
उल्लेखनीय है कि ‘हमारे राम’ महान महाकाव्य रामायण पर आधारित बड़े स्तर का नाटक है, जो वाल्मीकि रामायण के आध्यात्मिक तत्वों से जुड़े भगवान श्री राम के जीवन एवं आदर्शों को आधुनिक नाटकीय रूप में प्रस्तुत करता है। गौरव भारद्वाज द्वारा निर्देशित और फैलिसिटी थिएटर द्वारा निर्मित इस नाटक में प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जिनके साथ कई अन्य प्रतिष्ठित कलाकार भी शामिल हैं।
नाटक ‘हमारे राम’ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, विशेषकर युवा पीढ़ी की ओर से, भरपूर प्रतिक्रिया मिली है। यह शो रामायण को अनूठे और अनछुए पहलुओं से प्रस्तुत करता है, जिससे दर्शकों को एक नया एवं ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त होता है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments