अमृतसर, 20 सितंबर 2026 (जगजीत सिंह): ए.एस.आई. हरजीत सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या में शामिल बताए जा रहे दो आरोपियों में से एक दीपक सिंह शनिवार देर रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज, तकनीकी जानकारी, टावर-डंप विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर दीपक सिंह की पहचान कर उसका पता लगाया था।
पुलिस के मुताबिक, दीपक सिंह मुलेचक गांव का रहने वाला था और उसे अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में ट्रेस किया गया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है और उसे गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न टीमों को तैनात किया गया है।






