पटियाला, 21 सितंबर, 2026 (जगजीत सिंह): पटियाला के एडीसी (ग्रामीण विकास) दमनजीत सिंह मान ने बताया कि आज पटियाला जिले के गांवों में “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान का आगाज़ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतें इस दौरान अहम भूमिका निभाएंगी। एडीसी मान ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हुई विशेष सफाई एवं जागरूकता गतिविधियां 2 अक्टूबर तक जारी रहेंगी।
इस अवसर पर डीएसओ रशपिंदर सिंह की देखरेख में आज जिला परिषद, पटियाला में जिला स्तरीय “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस समारोह में एसडीएम समाना रिचा गोयल, डिप्टी सीईओ अमनदीप कौर और डीडीपीओ महिंदर सिंह सहित सभी ब्लॉकों—नाभा, समाना, राजपुरा, सनौर, पातड़ां, भुनरहेड़ी, घनौर, शंभू कलां और पटियाला—के बीडीपीओ तथा जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के सामाजिक स्टाफ ने विशेष रूप से शिरकत की।
इस शुरुआत के साथ ही पटियाला जिले के गांवों में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत गतिविधियों का आगाज़ हो गया है और यह अभियान गांधी जयंती तक निरंतर जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य गांवों में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करना, ग्राम पंचायतों और लोगों की भागीदारी बढ़ाना, ग्रामीण कचरे का उचित निपटारा (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) तथा जन-जागरूकता पैदा करना है।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने बताया कि आने वाले दिनों में 2 अक्टूबर तक जिले के सभी गांवों में सफाई अभियान, जागरूकता रैलियां और ग्राम सभाओं के सहयोग से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि पूरे ग्रामीण पटियाला को स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ बनाया जा सके।






