चंडीगढ़, 21 सितंबर, 2026 (जगप्रीत महाजन): नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, जिम्मेदार नागरिकता, नशामुक्त समाज और जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं देखभाल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाईल, चंडीगढ़ द्वारा समाईल वॉकाथॉन 2026 का आयोजन 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के अवसर पर कैपिटल कॉम्प्लेक्स, चंडीगढ़ में किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 6 बजे से शुरू होगा।
“एक कदम • एक उद्देश्य • एक बेहतर समाज” थीम के साथ आयोजित इस वॉकाथॉन में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला सहित ट्राइसिटी के नागरिकों के भाग लेने की उम्मीद है। आयोजन में बच्चों, युवाओं, परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों, पेशेवरों और विभिन्न संस्थानों को एक साझा सामाजिक उद्देश्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
स्वस्थ हृदय के लिए विशेष पहल
वॉकाथॉन को फोर्टिस अस्पताल, मोहाली के वर्लड हार्ट डे संदेश से भी जोड़ा गया है। अस्पताल के सहयोग से कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क हृदय एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, नियमित शारीरिक गतिविधि और पैदल चलना स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के सरल माध्यमों में शामिल है।
प्रतिभागियों के लिए 3 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की वॉक श्रेणियां रखी गई हैं। इसके अलावा योग, ज़ुम्बा, शक्ति एवं स्टैमिना प्रतियोगिता, कराओके एवं संगीत कार्यक्रम, रिफ्रेशमेंट और हाइड्रेशन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘Home of Dignity’ का संकल्प
इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य SMILE के “SMILE HOME OF DIGNITY” की स्थापना के संकल्प को आगे बढ़ाना है। प्रस्तावित आश्रय में जरूरतमंद एवं असहाय वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा, साथ, मूलभूत सुविधाएं और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि वॉकाथॉन में प्रत्येक पंजीकरण केवल एक कार्यक्रम में भागीदारी नहीं, बल्कि इस सामाजिक उद्देश्य की दिशा में एक कदम है। नागरिकों से परिवार, मित्रों, कार्यस्थलों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की अपील की गई है।
मनीष तिवारी होंगे मुख्य अतिथि, सैयद किरमानी विशेष स्टार गेस्ट
कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री मनीष तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं भारत के पूर्व विकेटकीपर और 1983 क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम के सदस्य पद्मश्री सैयद किरमानी विशेष स्टार गेस्ट के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी को टी-शर्ट और सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
SMILE की ओर से ट्राइसिटी के नागरिकों से इस गांधी जयंती पर वॉकाथॉन में शामिल होकर स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्त समाज और वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा के लिए अपना योगदान देने का आह्वान किया गया है।
SMILE Walkathon 2026
तिथि: 2 अक्टूबर 2026
समय: प्रातः 6:00 बजे से
स्थान: कैपिटल कॉम्प्लेक्स, चंडीगढ़
थीम: “एक कदम • एक उद्देश्य • एक बेहतर समाज”






