Tuesday, September 29, 2026
HomePatialaपंजाब के खेतों में बोए गए धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा,...

पंजाब के खेतों में बोए गए धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा, बाहर से धान लाने वालों के खिलाफ होगी सख्ती : डॉ. हिमांशु अग्रवाल

पटियाला, 22 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह) : पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा है कि पंजाब के खेतों में किसानों द्वारा बोए गए धान का एक-एक दाना प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाएगा। आज यहां धान की सरकारी खरीद को निर्बाध एवं सुचारू ढंग से करवाने के लिए जिला पटियाला की आढ़ती एसोसिएशन के साथ बैठक करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पंजाब के बाहर से आने वाले धान के खिलाफ सख्ती की जाएगी तथा हरियाणा की सीमा से लगते क्षेत्रों में पुलिस और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा नाकाबंदी भी की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में किसानों की फसल की सुचारू एवं निर्बाध खरीद के लिए हर तरह के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने आढ़तियों से अपील की कि वे अपने साथ जुड़े किसान भाइयों को प्रेरित करें कि वे धान के सीजन के दौरान मंडियों में केवल सूखा धान ही लाएं तथा अपने खेतों में धान की पराली व अन्य फसल अवशेषों को आग न लगाएं।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मंडियों में किसान भाइयों सहित आढ़तियों और मजदूरों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। बैठक के दौरान एडीसी अनुप्रिता जौहल, एसपी राजेश छिब्बर, सभी एसडीएम, डीएफएससी डॉ. रविंदर कौर, खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधक, मार्केट कमेटियों के सचिव, आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान दविंदर सिंह बैदवान, उपाध्यक्ष इंजीनियर सतविंदर सैनी, चेयरमैन पवन सिंगला, जिला महासचिव दीपक बांसल डकाला सहित लेबर और लिफ्टिंग के ठेकेदार भी मौजूद रहे।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आढ़तियों से अपील की कि जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता किसानों की सुविधा और उनकी फसल की सुचारू खरीद है। इसलिए सभी आढ़ती धान के आगामी सीजन के दौरान फसल की निर्बाध खरीद के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आढ़ती किसानों को प्रेरित करें कि वे अधिक नमी वाला धान मंडियों में न लाएं। इसके अलावा कोई भी कंबाइन रात के समय धान की कटाई नहीं करेगी और निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही दिन के समय धान की कटाई की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने आढ़तियों द्वारा मंडियों में चोरी, लाइटों सहित अन्य समस्याओं को सुना और उनके समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने पिछले सीजन में दिए गए सहयोग के लिए आढ़तियों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन फसल की सुचारू खरीद करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश को देखते हुए तिरपालों का पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि जिला मंडी अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक मंडी में साफ-सफाई, नमी जांचने वाले मीटरों की कैलिब्रेशन, बारदाना, ढुलाई, लेबर, किसानों के लिए पीने के पानी और शौचालय, सुरक्षा सहित सभी प्रकार के प्रबंध पूरे करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आए और उनकी फसल का एक-एक दाना समय पर खरीदा जा सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान की तत्काल खरीद के लिए केवल सूखा धान ही मंडियों में लाएं तथा पराली व अन्य फसल अवशेषों को आग लगाने से बचें। इस अवसर पर जिले की सभी मंडियों की आढ़ती एसोसिएशनों के प्रधान और अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments