लुधियाना, 22 सितंबर 2026, (छत्रपाल सिंह): गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज़ यूनिवर्सिटी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) विंग द्वारा सप्ताहभर चलने वाली गतिविधियों के अंतर्गत परिसर में पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, जल सेवा तथा दो दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का विषय ‘जीवन बचाओ’था। परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान समाज सेवा के रूप में लोगों की जान बचाने हेतु रक्त की 60 से अधिक यूनिटें एकत्रित की गईं।
डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल, उप-कुलपति ने एन.एस.एस. स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करने के लिए रक्तदान शिविर का दौरा किया तथा रक्त संग्रहण के लिए पहुंची सिविल अस्पताल, जगराओं की टीम का धन्यवाद किया।
सिविल अस्पताल, जगराओं के डॉ. जी.एस. ग्रेवाल ने कहा कि वर्षभर नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता है।
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. जसपाल सिंह हुंदल ने एन.एस.एस. स्वयंसेवकों द्वारा की गई जनकल्याणकारी गतिविधियों की सराहना की तथा शिविर के दौरान सहयोग प्रदान करने के लिए ‘संवेदना ट्रस्ट’का भी आभार व्यक्त किया।
एन.एस.एस. कार्यक्रम समन्वयक डॉ. निधि शर्मा ने बताया कि एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने न केवल रक्तदान किया, बल्कि रक्तदान शिविर के दौरान अपने हाथों में पोस्टर लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और किसानों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. नितिन वाकचौरे, डॉ. विशाल शर्मा तथा डॉ. एस.एस. हसन ने एन.एस.एस. स्वयंसेवकों के साथ मिलकर ‘पशु पालन मेले’में आने वाले किसानों के लिए निरंतर जल छबील की व्यवस्था भी की।





