Monday, September 28, 2026
HomePatialaधान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से होगी शुरू: डिप्टी कमिश्नर

धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से होगी शुरू: डिप्टी कमिश्नर

पटियाला, 22 सितंबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि जिले में धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचते समय किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं तथा 108 मंडियों को धान की खरीद के लिए खरीद केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार धान की खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और फसल की समय पर खरीद सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खरीद प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में धान की सूखी फसल ही लेकर आएं, ताकि फसल की निर्बाध और सुचारू खरीद सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि किसान फसल की कटाई तथा मंडी में फसल लाने संबंधी निर्धारित मापदंडों का पालन करें, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
डिप्टी कमिश्नर ने सभी किसानों से धान की कटाई के बाद बची पराली और अन्य फसल अवशेषों को आग न लगाने की अपील करते हुए कहा कि पराली जलाने के बजाय इसका उचित प्रबंधन किया जाए और संभव हो तो इसे खेत की मिट्टी में ही मिला दिया जाए। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों को खेत में मिलाने से जहां मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, वहीं वायु प्रदूषण को रोकने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।
उन्होंने किसानों से जिला प्रशासन द्वारा धान की खरीद और पराली प्रबंधन संबंधी किए जा रहे प्रबंधों में सहयोग देने की अपील की।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments