ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास आगरा की ओर जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
आग तेजी से फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने बस से छलांग लगा दी। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। नोएडा पुलिस ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, बस ग्रेटर नोएडा से आगरा की दिशा में जा रही थी। दयानतपुर गांव के समीप चलते-चलते बस में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए इस सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बातचीत कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।






