पटियाला, 24 सितंबर,2026 (बलजीत सरना): पटियाला में बेअदबी की एक घटना सामने आई है। पटियाला-देवीगढ़ रोड पर गुटका साहिब के पन्ने बिखरे हुए मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीती रात सोशल मीडिया पर घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर बिखरे हुए पन्नों को अपने कब्जे में लिया और उन्हें गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब पहुंचाया।
पटियाला के डीएसपी ग्रामीण रणबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल वीडियो की जानकारी मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डी.एस.पी. ने कहा कि पुलिस की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। गुरुद्वारा साहिब से जुड़े ग्रंथी सिंह को भी गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब ले जाया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जांच जारी है।






