वॉशिंगटन, 24 सितंबर,2026 (छत्रपाल सिंह): चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग लंबे अरसे बाद अमेरिका पहुंचे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोटोकॉल से हटकर ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में उनका स्वयं स्वागत किया। इस मौके पर ट्रंप के साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद रहीं, जबकि शी जिनपिंग के साथ उनकी पत्नी पेंग लियुआन भी अमेरिका पहुंचीं।
विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वयं एयरपोर्ट पहुंचना सामान्य प्रोटोकॉल का हिस्सा नहीं माना जाता। इसी कारण शी के स्वागत के लिए ट्रंप की मौजूदगी को दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय कूटनीतिक संपर्क के संदर्भ में देखा जा रहा है।
व्हाइट हाउस में होगा स्टेट डिनर
शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होनी है।
बातचीत के दौरान अमेरिका-चीन व्यापारिक संबंध, टैरिफ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ताइवान और रूस से जुड़े मुद्दे चर्चा में आने की संभावना बताई जा रही है।
दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार और रणनीतिक मामलों को लेकर कई अहम मुद्दे चर्चा में हैं।






