पटियाला, 25 सितंबर, 2026 (बलजीत सरना): विदेशों में रह रहे पंजाबियों के लिए एक अहम पहल के तहत पटियाला के आनंद नगर में ‘अपनी फैमिली’ नामक संस्था की शुरुआत की गई है। संस्था का उद्देश्य पंजाब में रह रहे बुजुर्गों और अन्य परिवारिक सदस्यों की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों में सहायता उपलब्ध करवाना है।
संस्था की शुरुआत के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संचालकों ने बताया कि विदेशों में रहने वाले लोग ‘अपनी फैमिली’ के माध्यम से पंजाब में रह रहे अपने परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सेवाओं के लिए सहायता प्राप्त कर सकेंगे। संस्था द्वारा सेवाओं के लिए तीन अलग-अलग कैटेगरी भी निर्धारित की गई हैं।

संचालक के अनुसार, ‘अपनी फैमिली’ से जुड़ी जानकारी फेसबुक, सोशल मीडिया और वेबसाइट के माध्यम से भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इच्छुक लोग इन माध्यमों के जरिए संस्था से संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के पटियाला ग्रामीण से नेता बिट्टू चट्ठा भी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने संस्था के संचालक को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
बिट्टू चट्ठा ने कहा कि इस तरह की संस्था शुरू होने से लोगों को स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।






