पटियाला, 26 सितंबर, 2026 (बलजीत सरना): पटियाला के शंभू थाना क्षेत्र में पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप ट्रक से बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर बरामद किया गया। पुलिस ने ट्रक को शक के आधार पर रोककर तलाशी ली, जिसमें पनीर की खेप मिली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।
घटना की जानकारी देते हुए एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि पिकअप ट्रक की तलाशी के दौरान पनीर बरामद होने के बाद संबंधित विभाग को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंचीं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि चालक के पास पनीर की खरीद, बिक्री या सप्लाई से संबंधित कोई बिल या वैध रिकॉर्ड नहीं था। चालक के अनुसार, पनीर की यह खेप नरवाना से लाई जा रही थी।
फूड सेफ्टी विभाग ने करीब 547 किलोग्राम पनीर को जब्त कर सील कर दिया है। पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह के चलते इसके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।






