छात्राओं को सकारात्मक डिजिटल उपयोग और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया
रायपुर मंडलां / पटियाला, 26 सितंबर, 2026 (अनिल कुमार भारती): जनहित समिति द्वारा संचालित ‘जनहित नि:शुल्क सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र’ तथा ‘जनहित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण केंद्र’ रायपुर मंडलां में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की आधिकारिक टीम ने केंद्र का दौरा किया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं को नि:शुल्क नए बीएसएनएल सिम कार्ड वितरित किए। इस योजना के अंतर्गत सभी छात्राओं को एक माह का निशुल्क इंटरनेट डाटा और असीमित कॉलिंग सुविधा प्रदान की गई है।
ग्रामीण अंचल की महिलाओं और युवतियों को हुनरमंद बनाकर उन्हें स्वरोजगार व स्वावलंबन की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से जनहित समिति के अध्यक्ष श्री एस. के. गौतम तथा महासचिव श्री विनोद शर्मा के कुशल नेतृत्व व दूरदर्शी मार्गदर्शन में ये प्रशिक्षण केंद्र पूर्णतः नि:शुल्क चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान जनहित समिति के संस्थापक सदस्य, अंतरराष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षा शास्त्री अनिल कुमार भारती तथा प्रबंधक श्री सतीश जोशी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने आधुनिक दौर में इंटरनेट और सोशल मीडिया का सदैव सकारात्मक, रचनात्मक और राष्ट्रहित में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में नैतिक मूल्यों, उच्च चरित्र और मानवीय संवेदनाओं के समावेश पर विशेष बल दिया।
इस गरिमामय अवसर पर बीएसएनएल टीम के वरिष्ठ अधिकारी सरदार जश्नप्रीत सिंह (जेटीओ), श्री नीरज साहनी (जेई), श्री मुकेश कुमार (जेटीओ), श्री संजय कुमार (एओएस) तथा समिति की ओर से प्रबंधक श्री सतीश जोशी, श्री रवि शर्मा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जनहित समिति के पदाधिकारियों ने बीएसएनएल टीम के इस जन-कल्याणकारी सहयोग और आगमन के लिए उनका सहृदय धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
फ़ोटो: रायपुर मंडला के जनहित फ्री सिलाई कढ़ाई सिखलाई केंद्र और ब्यूटीशियन ट्रेनिंग सेंटर की छात्राओं को मुफ़्त सिम वितरित करते हुए बी.एस.एन.एल. के पदाधिकारी






