एंटरटेनमेंट, 26 सितंबर,2026 (जगजीत सिंह): सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने इसका दूसरा गाना ‘वन सन, वन मून’ रिलीज कर दिया है। इसका लिरिकल वीडियो यूट्यूब पर जारी किया गया है।
इससे पहले फिल्म का हाई-एनर्जी ट्रैक ‘अला बोलेलो’ सामने आया था। वहीं, ‘वन सन, वन मून’ में रजनीकांत की लोकप्रियता और उनके लंबे फिल्मी सफर की झलक देखने को मिलती है। वीडियो में फिल्म के सीक्वल से अभिनेता की कुछ नई झलकियां भी दिखाई गई हैं।
अनिरुद्ध ने तैयार किया गाना
‘वन सन, वन मून’ को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है। इस गाने को अनिरुद्ध और एमएस कृष्णा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल हाइजेनबर्ग और सुपर सुबू ने लिखे हैं।
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। कई यूजर्स ने अनिरुद्ध के संगीत और रजनीकांत की स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ की। कुछ प्रशंसकों ने गाने को लेकर उत्साह जताते हुए इसे रजनीकांत के स्टारडम से जोड़कर अपनी प्रतिक्रिया दी।
15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार ने किया है और इसका निर्माण सन पिक्चर्स ने किया है। फिल्म में रजनीकांत के साथ शिवराज कुमार, विद्या बालन, राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और सूरज वेंजारामूडु अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। गानों के लगातार रिलीज होने के साथ फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा भी तेज हो गई है।






