नई दिल्ली, 26 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, समझौते से जुड़े 90 प्रतिशत से अधिक मुद्दों पर काम पूरा हो चुका है और अब कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों पक्षों के बीच चर्चा जारी है।
अधिकारी के मुताबिक, व्यापार लंबे समय से भारत-अमेरिका संबंधों में प्रमुख मतभेदों वाले क्षेत्रों में शामिल रहा है। ऐसे में समझौता होने पर दोनों देशों के आर्थिक और द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिल सकती है।
अंतिम मुद्दों पर बातचीत जारी
अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि दोनों देश समझौते के काफी करीब हैं। शेष मुद्दों पर सहमति बनने के बाद इसके औपचारिक रूप से आगे बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, समझौते पर अंतिम हस्ताक्षर की तारीख अभी तय नहीं बताई गई है।
अधिकारी ने भारत-अमेरिका संबंधों में बढ़ती कूटनीतिक सक्रियता का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की अक्टूबर में प्रस्तावित भारत यात्रा दोनों देशों के बीच जारी संवाद का हिस्सा होगी।
G20 और क्वाड पर भी नजर
दिसंबर में अमेरिका के फ्लोरिडा में प्रस्तावित G20 बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा और संभावित घोषणाओं को लेकर भी चर्चा है।
वहीं, क्वाड को लेकर भी दोनों देशों के बीच सहयोग जारी है। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। अधिकारी ने विदेश मंत्रियों की बैठकों को इस समूह के प्रति चारों देशों की प्राथमिकता का संकेत बताया।






