नई दिल्ली, 26 सितंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह मौसम सुहावना रहा और आसमान में घने बादल छाए रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए दिनभर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को सुबह से दोपहर के बीच अधिकांश इलाकों में एक-दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
आईएमडी ने बताया कि हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। दोपहर से शाम के बीच भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। पालम में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री, जबकि लोधी रोड और आयानगर में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि दिन में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बादल और बारिश के चलते तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने का अनुमान है।






