किंशासा,26 सितंबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 14 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किकविट से राजधानी किंशासा लौट रहा था। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने के बाद विमान केंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सवार किसी भी व्यक्ति के बचने की खबर नहीं है।
मृतकों में कांगो के दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कटलाई तिएंडे, जो सैन्य अदालत के प्रमुख थे, और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया, जो सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल के पद पर थे, शामिल हैं।
कांगो सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अफोमी एकेंग ने दोनों अधिकारियों की मौत की पुष्टि की। उनके मुताबिक विमान में एक सैन्य प्रतिनिधिमंडल सवार था। हादसे में दोनों जनरलों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और चालक दल के लोग भी मारे गए।
अधिकारियों ने बताया कि उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि तकनीकी खराबी आखिर किस वजह से हुई। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड अध्यक्ष ट्राइफॉन किन-कीए मुलुम्बा ने भी कहा कि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य लंबे समय से सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। खासकर देश के पूर्वी हिस्से में सेना कई सशस्त्र समूहों के खिलाफ अभियान चला रही है। इनमें M23 विद्रोही समूह प्रमुख है, जिस पर रवांडा से समर्थन मिलने के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल विमान हादसे को चल रहे संघर्ष से जोड़ने वाली कोई जानकारी नहीं दी है।





