पंजाब में बढ़ते नशे पर भी नायब सिंह सैनी ने जताई चिंता, कहा—सरकार बनने पर नशा बेचने वालों के लिए पंजाब में जगह नहीं होगी
अमृतसर/हरियाणा 27 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब सरकार को रोजगार के मुद्दे पर जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 20 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, इसलिए सरकार को श्वेत पत्र जारी कर यह बताना चाहिए कि पांच वर्षों में वास्तव में कितने युवाओं को रोजगार दिया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देना केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि उनके भविष्य और परिवार की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
मुख्यमंत्री शनिवार को पंजाब दौरे के दौरान अमृतसर में आयोजित एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न दलों से भाजपा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत भी किया। अपने संबोधन में नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस ने भी हर घर में रोजगार देने का वादा किया था। अब जनता के सामने सवाल है कि इन वादों का वास्तविक परिणाम क्या रहा। उन्होंने पंजाब सरकार से रोजगार से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में मौजूदा सरकार के करीब 18 महीने के कार्यकाल में लगभग 45 हजार युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है और युवाओं को योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर दिया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस में करीब 5,600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जबकि अन्य विभागों में भी हजारों पदों पर भर्ती और साक्षात्कार की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब में आबकारी निरीक्षक भर्ती के परिणाम को लेकर उठे सवालों का उल्लेख करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं के विश्वास को महत्वपूर्ण बताया।
हरियाणा में संकल्पों को पूरा करने पर जोर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए संकल्पों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने महिलाओं, गरीब परिवारों, किसानों और युवाओं के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए बजट में प्रावधान किया गया है और पात्र लाभार्थियों को सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाने तथा जरूरतमंद परिवारों को आवासीय प्लॉट देने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने आयुष्मान-चिरायु योजना, कम आय वाले परिवारों की महिलाओं के लिए रियायती गैस सिलेंडर और किसानों की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।
हरियाणा की विकास दर पंजाब से अधिक होने का दावा
मुख्यमंत्री ने हरियाणा और पंजाब की अर्थव्यवस्था की तुलना करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 में हरियाणा की वास्तविक आर्थिक विकास दर 9.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब की विकास दर 6.1 प्रतिशत बताई गई है। उनके अनुसार दोनों राज्यों की विकास दर में 3.4 प्रतिशत अंक का अंतर है।
उन्होंने 2026-27 के लिए हरियाणा और पंजाब की अनुमानित अर्थव्यवस्थाओं के आकार का भी उल्लेख किया और कहा कि दोनों राज्यों के आर्थिक प्रदर्शन में अंतर को नीतियों और शासन व्यवस्था के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
देश की जी.डी.पी. में हरियाणा की हिस्सेदारी का उल्लेख
नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2023-24 में देश की जीडीपी में हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 3.6 प्रतिशत थी, जबकि पंजाब की हिस्सेदारी करीब 2.4 प्रतिशत रही। उन्होंने दोनों राज्यों की प्रति व्यक्ति आय की तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत की तुलना में अधिक रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसानों को समय पर सुविधाएं, उद्योग और व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण तथा युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध करवाना जरूरी है।
नशे के मुद्दे पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने पंजाब में नशे की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई का आकलन केवल अभियानों से नहीं, बल्कि नशे की उपलब्धता में कमी, नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के पुनर्वास और प्रभावित परिवारों को मिली राहत के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने हरियाणा में नशे से युवाओं को दूर रखने के लिए खेलों और अन्य सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में नियमित मैराथन आयोजित की जा रही हैं और युवाओं को खेल तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों की अपेक्षाएं विकास, रोजगार, नशामुक्ति और बेहतर प्रशासन से जुड़ी हैं। सरकारों को युवाओं, किसानों, उद्योग-व्यापार और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर अपने काम का स्पष्ट हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने उन्हें जनता के बीच जाकर विकास, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े मुद्दे उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता श्वेत मलिक, अमृतसर जिला अध्यक्ष सलिल कपूर, राकेश रिंकू, प्रताप सिंह, तरण जस्सी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।






