फतेहगढ़ साहिब,27 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): युवाओं को खेती के साथ-साथ सहायक व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा बटन मशरूम की खेती संबंधी व्यावसायिक प्रशिक्षण कोर्स आयोजित किया गया। तकनीकी समन्वयक डॉ. अरविंद प्रीत कौर, सहायक प्रोफेसर (बागवानी) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण के दौरान नए प्रशिक्षुओं को मशरूम के व्यवसाय को अपनाने संबंधी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि लगातार पीढ़ी-दर-पीढ़ी कृषि योग्य भूमि के बंटवारे के कारण किसान केवल खेती पर निर्भर रहकर अपना जीवन-यापन नहीं कर सकते। इसलिए किसानों के लिए कोई न कोई सहायक व्यवसाय अपनाना आज के समय की आवश्यकता है।
डॉ. अरविंद प्रीत कौर ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को बटन और ढींगरी मशरूम की सफलतापूर्वक खेती की विभिन्न तकनीकों, इसकी पैकिंग, रख-रखाव और विपणन के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं को कंपोस्ट, स्पॉनिंग, तैयार कंपोस्ट की बुआई तथा केसिंग आदि तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
इसके अलावा डॉ. मनीषा भाटिया, सहायक प्रोफेसर (गृह विज्ञान) ने प्रशिक्षुओं को व्यावसायिक स्तर पर मशरूम की खेती करने के साथ-साथ भविष्य में मशरूम की डिब्बाबंदी की दिशा में भी प्रोत्साहित किया।






