चंडीगढ़, 28 सितंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। आज राज्य के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, चंडीगढ़ में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, तरनतारन, रूपनगर, मोहाली, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और बरनाला के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं है।
बारिश और बादल छाए रहने के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिसके बाद यह सामान्य से 2.9 डिग्री नीचे पहुंच गया। बठिंडा में सबसे अधिक 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि रूपनगर में न्यूनतम 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आने के कारण पंजाब में बादल बन रहे हैं, जिससे कुछ क्षेत्रों में बारिश की स्थिति बन रही है। पंजाब और चंडीगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया जारी है और इसकी वापसी की रेखा गुरदासपुर तथा चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है।
उधर, उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। आज से उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने की भी संभावना है। मौसम में आई ठंडक से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और इसके साथ ही बिजली की खपत में भी कमी आने की उम्मीद है।






