अहमदाबाद, 30 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अरब सागर में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी है। अधिकारियों के मुताबिक, लक्षद्वीप के पश्चिमी क्षेत्र में एक संदिग्ध ईरानी नौका से 526 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई 25 सितंबर को खुफिया सूचना के आधार पर की गई। तटरक्षक बल ने समुद्री और हवाई निगरानी के जरिए संदिग्ध नौका का पता लगाया। इसके बाद उसका पीछा कर सुरक्षा बलों ने नौका पर सवार होकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान नौका में मौजूद पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।
तटरक्षक बल ने बताया कि नौका, चालक दल और जब्त किए गए मादक पदार्थों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुंबई लाया गया है, जहां आरोपियों से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इस पूरे ऑपरेशन में गुजरात एटीएस ने तटरक्षक बल के साथ समन्वय किया। राज्य एटीएस की ओर से भी पांच पाकिस्तानी नागरिकों के पकड़े जाने की पुष्टि की गई है। एजेंसी द्वारा अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी मीडिया के सामने रखे जाने की बात कही गई है।
समुद्री रास्ते से भारत में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं। तटरक्षक बल ने कहा कि इस तरह के संयुक्त अभियान समुद्री क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






