कुरुक्षेत्र, 02 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भारत स्वच्छ और स्वस्थ बने रहने का सपना था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उसी सपने को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से साकार कर रहे हैं। स्वच्छता केवल कर्मचारियों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जैसे हम अपने घर को साफ रखते हैं, वैसे ही हमें अपने तीर्थों और सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र पूरे विश्व के हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। यहां लाखों श्रद्धालु आते हैं। इसकी स्वच्छता हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा शुक्रवार को पवित्र ब्रह्मसरोवर पर जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित विशाल स्वच्छता अभियान में बोल रहे थे। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सहित अभियान में पहुंचे सभी अतिथियों ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर ब्रह्मसरोवर के घाटों, मार्ग और आसपास के ग्रीन बेल्ट में सफाई की और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया। ब्रह्मसरोवर परिसर व आस पास के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधारोपण भी किया गया।

पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे गीला कचरा और सूखा कचरा अलग-अलग रखें और प्लास्टिक का उपयोग न करें। युवा वर्ग हमारे देश का भविष्य है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वो अपने घर पर बच्चों को अच्छे संस्कार दें। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा शिक्षा देते हुए विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाली पीढ़ी बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सबसे बड़ी सेवा मानी गई है। ऐसे में शहर के प्रत्येक दिन इस सेवा को करते हुए अपने थानेसर, कुरुक्षेत्र, हरियाणा और भारत को स्वच्छ बनाने में योगदान दें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत अलग-अलग विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई, जिसे सभी विभागों ने बखूबी निभाया। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम ने पेड़ों की छंटाई, छायादार, फलदार व फूलदार पौधों का रोपण किया। इसके साथ ही उनके रखरखाव का कार्य किया गया। इसी तरह नगर परिषद थानेसर और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की टीम ने घास की कटाई, झाड़ू लगाने और कचरा संवेदनशील बिंदुओं की सफाई का कार्य किया।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि आज के अभियान में कचरा और सूखी पत्तियों को एकत्र कर मौके से ही उठान करवाया गया। यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि पूरे माह में “स्वच्छता ही सेवा” के तहत जिले के सभी धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे अभियान चलाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के लगतार सेवा कार्यों को किया जा रहा है। आगे भी इस अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वे ही स्वच्छता के असली सैनिक हैं। उन्होंने सभी से गांधी जयंती पर स्वच्छता का संकल्प लेने की अपील की।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, डीएमसी अमन कुमार, चेयरमैन गुरनाम सैनी, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, चेयरपर्सन माफी ढांडा, मलकीत ढांडा सहित अन्य गणमान्य नागरिक व अधिकारीगण मौजूद रहे।





