Saturday, October 10, 2026
HomeEntertainmentमिसेज यूनिटी वर्ल्ड 2026 का ताज भारत के नाम, हैदराबाद पहुंचीं आशा...

मिसेज यूनिटी वर्ल्ड 2026 का ताज भारत के नाम, हैदराबाद पहुंचीं आशा दीपिका अट्टालुरी

हैदराबाद, 02 अक्टूबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): मिसेज यूनिटी वर्ल्ड 2026 का खिताब जीतकर आशा दीपिका अट्टालुरी भारत लौट आई हैं। शनिवार को लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता के फिनाले में उन्होंने यह प्रतिष्ठित ताज अपने नाम किया। हैदराबाद के शमशाबाद एयरपोर्ट पहुंचने पर परिवार, प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में आशा दीपिका ने अपनी जीत को पूरे भारत की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है और अब वह भारत के साथ-साथ दुनिया के सामने देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। तेलंगाना से अपने गहरे जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनका पालन-पोषण इसी राज्य में हुआ है और एक तेलुगु लड़की के रूप में यह ताज भारत वापस लाना उनके लिए खास उपलब्धि है।

आशा ने बताया कि उनका ताज रूस में तैयार किया गया है। इसे हाथ से बनाने में करीब छह महीने का समय लगा। उन्होंने कहा कि इस ताज के पीछे लंबे समय की मेहनत और तैयारी रही है।

सोशल मीडिया पर साझा किया जीत का सफर

खिताब जीतने के बाद आशा दीपिका ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि ताज का सपना देखने से लेकर उसे पहनने तक का सफर आसान नहीं था। लगातार रिहर्सल, देर रात तक तैयारी, चुनौतियों और छोटे-छोटे प्रयासों ने आखिरकार उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जिसका उन्होंने सपना देखा था।

उन्होंने अपनी जीत को मेहनत, उद्देश्य, सपनों और यादगार अनुभवों से जुड़ा सफर बताया और मिसेज यूनिटी वर्ल्ड 2026 का ताज हासिल करने को अपने जीवन का यादगार पल बताया।

टेक्नोलॉजी और समाजसेवा से जुड़ा है करियर

38 वर्षीय आशा दीपिका अट्टालुरी की पहचान केवल ब्यूटी पेजेंट विजेता के तौर पर नहीं है। वह उद्यमी, टेक्नोलॉजिस्ट और समाजसेवी के रूप में भी काम कर चुकी हैं। उनका जन्म आंध्र प्रदेश में हुआ, जबकि उनकी परवरिश हैदराबाद, तेलंगाना में हुई।

शैक्षणिक रूप से उन्होंने कंप्यूटर साइंस में स्नातक डिग्री और इंफॉर्मेशन सिस्टम में मास्टर डिग्री हासिल की है। वर्तमान में वह अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रहती हैं।

आशा को विभिन्न देशों की यात्रा करने और अलग-अलग संस्कृतियों को समझने में रुचि है। उनका मानना है कि तकनीक और सामाजिक उद्देश्य को साथ लेकर ऐसे क्षेत्रों में काम किया जा सकता है, जिससे समाज में सकारात्मक और सार्थक बदलाव आए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments