बिलासपुर, 2 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 अक्टूबर को प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब राष्ट्रपति श्री नयना देवी मंदिर में दर्शन के लिए नहीं जाएंगी। वह सीधे एम्स बिलासपुर पहुंचकर संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर से सुबह एम्स बिलासपुर परिसर में उतरेगा। इसके करीब 10 मिनट बाद दीक्षांत समारोह शुरू होगा। लगभग 50 मिनट के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति 11:35 बजे बिलासपुर से मनाली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के पहले जारी कार्यक्रम में श्री नयना देवी जी मंदिर में दर्शन का भी उल्लेख था। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी थीं। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने तथा मंदिर और एम्स परिसर को अलग-अलग सुरक्षा सेक्टरों में बांटने की योजना बनाई गई थी।
अब कार्यक्रम में बदलाव के बाद नयनादेवी दौरा रद्द कर दिया गया है। ऐसे में राष्ट्रपति का बिलासपुर प्रवास मुख्य रूप से एम्स के दीक्षांत समारोह तक सीमित रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
राष्ट्रपति के संशोधित कार्यक्रम को देखते हुए अब एम्स परिसर और उनके आवागमन वाले मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। करीब 200 पुलिस जवानों की तैनाती प्रस्तावित है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा, जबकि राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार घागस और जबली के लिए पहले से तैयार ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। घागस में सुबह 10 बजे के बाद आवश्यकता के अनुसार यातायात को नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा, ताकि राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
6 अक्टूबर को बिलासपुर, इसके बाद मनाली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद मनाली के लिए रवाना होंगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार उनका मनाली प्रवास प्रस्तावित है और 8 अक्टूबर को वापसी का कार्यक्रम है।





