लाडवा ,3 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है और धान की खरीद के दौरान किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी नहीं आने दी जाएगी। अनाज मंडी में आने वाली किसानों की धान की फसल के एक-एक दाने की खरीद की जाएगी। सरकार के मंत्री, विधायक और वह स्वयं मंडियों का निरीक्षण कर रहे हैं। सभी जिला उपायुक्तों को खरीद व्यवस्था पर बारीकी से नजर रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक मंडी में एक-एक वरिष्ठ अधिकारी की ड्यूटी नोडल अधिकारी के तौर पर लगाई गई है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार शाम अचानक कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा अनाज मंडी पहुंचकर धान की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में पहुंची धान की फसल में नमी की जांच की और किसानों तथा आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली। किसानों और आढ़तियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष धान की खरीद सुचारू रूप से करवाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने किसानों से निर्धारित 17 प्रतिशत नमी के मानक वाली धान की फसल मंडी में लाने की अपील की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, नगर पालिका की चेयरपर्सन साखी खुराना, मार्केट कमेटी के चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, सचिव संत कुमार सैनी, मंडी प्रधान राजीव कुमार आर्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





