फतेहगढ़ साहिब, 4 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब में नशे की रोकथाम और नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत आज फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव कोटला बजवाड़ा में रूपनगर रेंज के डीआईजी श्री नानक सिंह के नेतृत्व में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया गया।
इस अवसर पर जिला पुलिस प्रमुख श्री शुभम अग्रवाल, डीएसपी फतेहगढ़ साहिब श्री कुलबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि पंजाब के डीजीपी के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ रूपनगर रेंज के तीनों जिलों में लगातार कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में फतेहगढ़ साहिब पुलिस द्वारा आज सुबह से कोटला बजवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तलाशी और जांच अभियान चलाया गया, जो लगातार जारी है।

उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान अब तक 40 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है और 18 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जिला पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और अन्य स्थानों की गहनता से जांच की जा रही है तथा नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
डीआईजी नानक सिंह ने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे नशे का कारोबार तुरंत छोड़ दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों द्वारा प्रदेश की युवा पीढ़ी को गुमराह करने के प्रयासों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
डीआईजी नानक सिंह ने लोगों से भी अपील की कि वे नशे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अपने आसपास नशे की तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना पुलिस को दें, ताकि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर प्रभावी कदम उठाए जा सकें।





