मुंबई, 5 अक्टूबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): रोहित शेट्टी के चर्चित स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का सफर अब अपने मुकाम पर पहुंच गया है। कई खतरनाक और चुनौतीपूर्ण स्टंट्स को पार करने के बाद टीवी अभिनेता अविनाश मिश्रा ने इस सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। फिनाले में उन्होंने टॉप-3 फाइनलिस्ट ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़ते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
‘डर का नया दौर’ थीम के साथ लौटे इस सीजन में पुराने चेहरों के साथ कई नए प्रतिभागियों ने भी खतरनाक स्टंट्स में अपनी क्षमता दिखाई। एक साल के ब्रेक के बाद अगस्त में शुरू हुए इस शो में प्रतियोगियों को लगातार कठिन टास्क से गुजरना पड़ा।
ट्रॉफी के साथ मिला बड़ा इनाम
अविनाश मिश्रा को विजेता बनने पर 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, यूरोप ट्रिप और एक कार इनाम में मिली। वहीं फिनाले में पहुंचे ऋत्विक धनजानी और ओरी को भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ा। दोनों फाइनलिस्ट को पुरस्कार के तौर पर बाइक दी गई।
डी.जे. से टीवी अभिनेता बनने तक का सफर
9 दिसंबर 1995 को जन्मे अविनाश मिश्रा ने मनोरंजन जगत में आने से पहले बतौर डीजे काम किया था। साल 2016 में उन्होंने टीवी शो ‘सेठजी’ से अभिनय की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने बाजीराव का किरदार निभाया। इसके बाद 2017 में वह ‘इश्कबाज’ में नजर आए।
हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान 2018 में प्रसारित हुए शो ‘मरियम खान रिपोर्टिंग लाइव’ से मिली। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन पर लगातार अपनी पहचान मजबूत की।
‘नाथ’ से बदली करियर की दिशा
अविनाश के करियर में साल 2022 अहम साबित हुआ, जब वह ‘नाथ’ में नजर आए। इस शो की सफलता के बाद उनकी लोकप्रियता में इजाफा हुआ। इसके बाद 2024 में उन्होंने ‘बिग बॉस 18’ में हिस्सा लिया और अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। वह शो के टॉप कंटेस्टेंट्स में शामिल रहे और चौथे स्थान तक पहुंचे।
खास बात यह रही कि ‘बिग बॉस 18’ में रहने के दौरान ही अविनाश का नाम ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के प्रतिभागी के तौर पर तय हो गया था।





